DPL 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में सोमवार (17 अगस्त) को एक डराने वाला पल देखने को मिला। न्यू दिल्ली टाइगर्स (New Delhi Tigers) के बल्लेबाज लक्षय थरेजा (Lakshay Thareja) ने ऐसा जोरदार स्ट्रेट ड्राइव खेला कि गेंद सीधे फील्ड अंपायर धर्मेश भारद्वाज (Dharmesh Bhardwaj) के चेहरे पर जा लगी। गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि अंपायर के पास खुद को बचाने का ज्यादा मौका नहीं था।
न्यू दिल्ली टाइगर्स और ईस्ट दिल्ली राइडर्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले इस मुकाबले में यह घटना न्यू दिल्ली टाइगर्स की पारी के 18वें ओवर में हुई। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज आशीष मीणा गेंदबाजी कर रहे थे और उनके सामने लक्षय थरेजा बल्लेबाजी कर रहे थे।
थरेजा ने गेंद को आगे निकलकर बेहद ताकत के साथ सीधा बल्ला चलाया। उनका स्ट्रेट ड्राइव इतनी तेजी से गेंदबाज के पास से निकला कि आशीष मीणा भी उसे रोक नहीं पाए। गेंद सीधे अंपायर धर्मेश भारद्वाज की तरफ चली गई। भारद्वाज ने गेंद से बचने के लिए नीचे झुकने की कोशिश की, लेकिन उन्हें खुद को गेंद की लाइन से हटाने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया।