One8, Kohli's Billion Dollar Dream: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें विराट कोहली क्रिकेट के बारे में नहीं, जूतों के बारे में बातें कर रहे हैं। इसके पीछे जरूर कोई स्टोरी होगी। असल में विराट भारत से एक ग्लोबल स्पोर्ट्स वियर ब्रांड बनाने का सपना देख रहे हैं और इसे साकार करने की कड़ी में ये मौका था One8 के खास फुटवियर कलेक्शन के लॉन्च का। नोट कीजिए- विराट अब सिर्फ इस ब्रांड को मशहूरी देने वाला चेहरा नहीं, इसमें एक इन्वेस्टर, को-क्रिएटर और जरूरी फैसले लेने वाले व्यक्ति हैं। मौजूदा रिपोर्ट ये है कि शुरुआती बिक्री, उम्मीद से कहीं बेहतर रही है।
यहां तक कि इस ब्रांड को इंटरनेशनल क्रिकेटर भी पसंद कर रहे हैं। पिछली इंग्लैंड-भारत वनडे सीरीज के दौरान, जोस बटलर को One8 के क्रिकेट स्पाइक्स पहने देखा गया- किनारे पर दो सुनहरे छल्ले से '8' बना था और आगे 'One 8' का लोगो सिला था।
वैसे सच ये है कि One8 कोई नया ब्रांड नहीं है। इसे 2017 में प्यूमा (Puma) ने विराट कोहली के सिग्नेचर लाइफ़स्टाइल लेबल के तौर पर लॉन्च किया था। ये न सिर्फ़ कोहली की जर्सी नंबर 18 को दिखाता है, उनके अनुशासन और फिटनेस के जरिए 'अपने ऊपर विश्वास' की उनकी सोच को भी दर्शाता है। धीरे-धीरे इसका रेंज बढ़ता गया और इसमें स्पोर्ट्सवियर, कैज़ुअल कपड़े, एक्सेसरीज़, फ़्रेग्रेंस, बैकपैक और दूसरे लाइफ़स्टाइल प्रोडक्ट जुड़ते गए। इनकी खासियत सिर्फ विराट कोहली का नाम नहीं, उनकी पर्सनैलिटी के हिसाब से इन्हें डिज़ाइन करना था।