आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एमआई को 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह का मानना है कि मुंबई इंडियंस के स्पिनर्स अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं और बुमराह के अलावा बाकी खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी के साथ खेलने की जरूरत है।
हरभजन सिंह ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "मुंबई इंडियंस बड़ी टीम है, लेकिन उन्होंने अभी तक इस सीजन में लय नहीं पकड़ सकी है। टीम लगातार मैच हार रही है। कुछ गलतियां हुई हैं, और मुझे लगता है कि एमआई के स्पिनर्स आईपीएल 2026 में उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। जसप्रीत बुमराह एक ऐसे गेंदबाज हैं, जिनसे हर किसी को काफी उम्मीदें हैं। बुमराह के ऊपर भार है कि वह विकेट लेंगे, तभी काम बनेगा।"
पूर्व भारतीय स्पिनर ने आगे कहा, "मेरे हिसाब से बुमराह के अलावा बाकी खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी लेनी होगी और अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मुंबई इंडियंस एक ऐसी टीम है, जो एक बार जीतना शुरू करेगी, तो उन्हें रोक पाना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, एमआई को जीत की पटरी पर लौटने का रास्ता खोजना होगा। अभी उनके लिए कुछ भी खत्म नहीं हुआ है। एमआई अगर यहां से आगे का रास्ता जीत के साथ तय करती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंच सकते हैं।"