IND-W vs ZIM-W 3rd ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा (Vaishnavi Sharma) ने इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार (28 अक्टूबर) को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ ही वैष्णवी महिला वनडे क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाली दूसरी सबसे युवा भारतीय गेंदबाज बन गई हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले में वैष्णवी ने 10 ओवर गेंदबाजी की और 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए। जिसके चलते जिम्बाब्वे की पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और फिर भारत ने 17 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से यह मैच अपने नाम किया।
महिला वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे कम उम्र में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के नाम है। उन्होंने 19 फरवरी 2016 को रांची में श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था। उस समय दीप्ति की उम्र महज 18 साल और 179 दिन थी। उन्होंने 9.2 ओवर में 20 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे।