WPL 2027 Auction: महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी के शुरुआती चरण में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनेक्स सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। बुधवार को यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। गुजरात जायंट्स (जीजी) ने भारत की युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी को उनके बेस प्राइस 40 लाख रुपये में खरीदा।
2024 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) टीम का हिस्सा रहीं सोफी डब्ल्यूपीएल 2026 में नहीं खेल पाई थीं। उन्होंने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा था। यूपी वॉरियर्स ने बोली की शुरुआत की, लेकिन आरसीबी भी मुकाबले में बनी रही और एक मिनट से भी कम समय में कीमत 95 लाख रुपये तक पहुंच गई।
यूपी वॉरियर्स ने बोली बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी, जिसके जवाब में आरसीबी ने 1.05 करोड़ रुपये की बोली लगाई। अंत में यूपी वॉरियर्स ने 1.10 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। बाएं हाथ की स्पिन ऑलराउंडर, हिप की चोट से उबरने के बाद हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटी है।