बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। बांग्लादेश मेजबान है। सोमवार को सीरीज का दूसरा मैच शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला गया था। मैच में बांग्लादेश की गेंदबाजी की गति धीमी रही। इस वजह से बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
डेली स्टार के मुताबिक, "एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने यह जुर्माना तब लगाया जब यह तय हुआ कि मेहदी हसन मिराज की टीम ने निश्चित अवधि में तय से दो ओवर कम फेंके।"
आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट का आर्टिकल 2.22 न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों को नियंत्रित करता है। इस आर्टिकल के तहत खिलाड़ियों पर तय समय में सभी ओवर पूरा नहीं करने पर जुर्माना लगाया जाता है। जुर्माना प्रति ओवर मैच फीस का 5 प्रतिशत होता है। बांग्लादेश ने निश्चित समय में 2 ओवर कम फेंके थे, इसलिए पूरी टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया।