न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के चलते भारत के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज के बचे हुए दो मैचों से बाहर हो गए हैं।
दूसरे टी20 मैच के दौरान फर्ग्यूसन को अपनी दाहिनी पिंडली में दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद में स्कैन से पता चला कि वहां हल्का टियर (मांसपेशी में खिंचाव या चोट) है। उन्हें मैदान पर वापसी करने के लिए ठीक होने में लगभग एक और हफ्ता लग सकता है। फर्ग्यूसन की जगह पर मैट फिशर को न्यूजीलैंड के टी20 स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
दूसरे टी20 के दौरान मैट हेनरी की दाईं जांघ (क्वाड्रिसेप) में दर्द हुआ था, जिसके बाद उनकी जांच की गई। स्कैन से पता चला है कि उन्हें हल्का टियर (मांसपेशियों में हल्का खिंचाव) है, जिससे ठीक होने में एक से दो सप्ताह का समय लगेगा। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, "हम लॉकी और मैट हेनरी के लिए बहुत दुखी हैं। चोटें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक हिस्सा हैं, लेकिन जब आपको मैच छोड़ना पड़े तो यह स्थिति बिल्कुल भी आसान नहीं होती।"