क्रिकेट कनाडा ने मोंटी देसाई को पुरुषों की नेशनल टीम का हेड कोच बनाया है। देसाई की नियुक्ति को कनाडा क्रिकेट के विकास के लिए अहम माना जा रहा है।
कनाडा पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किए जाने के बाद मोंटी देसाई ने कहा, "मुझे यह जिम्मेदारी लेते हुए गर्व महसूस हो रहा है। मैं क्रिकेट कनाडा को उनके भरोसे के लिए धन्यवाद देता हूं। कनाडा में मेरे पिछले अनुभव ने मुझे संभावना और खेल के लिए मौजूद पैशन को स्पष्ट तौर पर समझने में मदद की है।"
उन्होंने कहा, "वैश्विक रूप से क्रिकेट के विकास में एसोसिएट क्रिकेट का विकास अहम है। नेपाल और अफगानिस्तान जैसी टीमों ने दिखाया है कि विश्वास, अनुशासन और निडरता से क्या हासिल किया जा सकता है। कनाडा के पास भी ऐसा ही मौका है, और मेरा फोकस एक ऐसी संस्कृति बनाने पर होगा जो इस क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार प्रदर्शन में बदल दे।"