रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएसएफआई) के अध्यक्ष तुलसी राम अग्रवाल ने गुरुवार को वर्ल्ड स्केट गेम्स 2026 में भारत के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। पराग्वे की राजधानी असुनसियन में हुए इस टूर्नामेंट में भारतीय दल ने सात पदक जीते।
खिलाड़ियों के स्वागत के बाद आयोजित समारोह में तुलसी राम ने स्केटर्स के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। पदक जीतने वालों में आनंदकुमार वेलकुमार और अनिरुद्धन विनोद जैसे खिलाड़ी शामिल थे।
तुलसी राम ने कहा, "इस बार हमने पराग्वे में हुए वर्ल्ड स्केट गेम्स में सात पदक जीते हैं – दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य। पराग्वे एक बहुत दूर और कठिन जगह है। वहां तक स्केटर्स को ले जाना मुश्किल था, लेकिन हम पीछे नहीं हटे और पूरी टीम को टूर्नामेंट में ले गए। यह टूर्नामेंट 2 अक्टूबर को शुरू हुआ था। इसमें 90 देशों के लगभग 10,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस इवेंट में इटली, कोलंबिया, चीनी ताइपे, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका, ईरान, चिली, जर्मनी, वेनेजुएला, पुर्तगाल, चेकोस्लोवाकिया, साउथ कोरिया, ग्वाटेमाला और पराग्वे जैसी टीमों ने हिस्सा लिया। वहां अलग-अलग लोगों से मिलकर हमारे बच्चों को काफी अनुभव मिला है और उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है।"