चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बताया है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और वह जल्द ही मैदान पर वापसी करते दिखेंगे। 44 वर्षीय धोनी को सीजन की शुरुआत से पहले पिंडली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह तीन हफ्तों से बाहर हैं। उनकी रिकवरी के दौरान, विकेटों के बीच दौड़ने की गति पर काफी काम किया गया है।
माइकल हसी ने शनिवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द वापसी करेंगे। मुझे नहीं पता कि यह कल होगा या शायद उसके बाद वाले मैच में, लेकिन उनकी रिकवरी बहुत अच्छी चल रही है। मुझे पता है कि वह अपनी दौड़ने की गति बढ़ा रहे हैं और शायद यही एक मुश्किल पहलू था। मुझे लगता है कि कौशल के लिहाज से, हम उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग को लेकर काफी आश्वस्त हैं, लेकिन बस यह सुनिश्चित करना था कि वह दौड़ने की अच्छी क्षमता बनाए रख सकें, खासकर पारी के आखिर में, जब उन्हें एक और दो रन लेने के लिए तेजी से दौड़ना पड़ता है। इसलिए जैसे ही उन्हें अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह खेलने के लिए हरी झंडी दे देंगे।"
हसी ने बताया कि आईपीएल मैच खेलने का अंतिम फैसला धोनी का ही होगा। बैटिंग कोच ने कहा, "जैसे ही उन्हें (धोनी) अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह संकेत दे देंगे कि खेलने के लिए तैयार हैं। फिलहाल, हम उन्हीं के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। हम इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरा चेन्नई इंतजार कर रहा है।"