पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के पहले फेज में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम सीजन के शुरुआती 7 मैचों में अजेय रही थी। बारिश की वजह से 1 मैच रद्द हुआ था, जबकि 6 मैच पंजाब ने जीते थे। सीजन का दूसरा हाफ पंजाब के लिए निराशाजनक साबित हुआ है। टीम एक जीत को तरस रही है। रविवार को पंजाब किंग्स को रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 23 रन से हरा दिया।
सीजन के 13वें मैच में पंजाब किंग्स की यह लगातार छठी हार थी। कभी अंकतालिका में पहले स्थान पर रही पंजाब के 13 मैचों में अब 13 अंक हैं और टीम का प्लेऑफ में पहुंचना अब मुश्किल हो गया है। पंजाब ने अपने प्रदर्शन से अपने प्रशंसकों को बहुत निराश किया है।
हर टीम के लिए उसका होम ग्राउंड मजबूत गढ़ माना जाता है। होम ग्राउंड में किसी भी टीम को हराना बहुत मुश्किल होता है। पंजाब किंग्स के लिए ऐसा नहीं है। धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पंजाब किंग्स का दूसरा होम ग्राउंड है, लेकिन इस स्टेडियम में पंजाब का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। रविवार को आरसीबी के खिलाफ हुआ मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला गया, जहां पंजाब एक बार फिर जीत दर्ज करने में सफल नहीं रही।