India Women vs Zimbabwe Women, 3rd T20I Highlights: हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) औऱ शेफाली वर्मा (Shafali Verma) की तूफानी पारियों की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार (20 अक्टूबर) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे औऱ आखिरी टी-20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे को 92 रनों से रौंदकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। रनों के हिसाब से इस फॉर्मेट में घर में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर बनाया। टॉप स्कोरर रहीं हरमनप्रीत ने 41 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जड़े। वहीं शानदार फॉर्म में चल रही शेफाली ने 37 गेंदों में 6 चौकों औऱ 5 छक्कों की बदौलत 69 रन की पारी खेली।
जिम्बाब्वे के लिए बिलव्ड बिज़ा ने 3 विकेट, न्याशा ग्वानज़ुरा, तेंदई मकुशा और नोमवेलो सिबांडा ने 1-1 विकेट हासिल किए।