भारत ने मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच को 92 रनों से अपने नाम करते हुए सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया। भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना का मानना है कि उनकी टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में दिखाए गए दबदबे को वडोदरा में होने वाले आगामी वनडे मुकाबलों में भी जारी रखना चाहेगी।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ने टी20 सीरीज का समापन शानदार अंदाज में किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 216/7 का स्कोर बनाया और फिर जिम्बाब्वे को 124/7 पर रोक दिया। अब दोनों देशों के बीच 23, 25 और 28 अक्टूबर को वनडे मैच खेले जाने हैं।
मंगलवार को तीसरे टी20 मैच के बाद मंधाना ने कहा, "हमने तीनों मुकाबलों में शानदार दबदबा दिखाया। हम वनडे मुकाबलों में भी ऐसा ही करना चाहेंगे। ड्रेसिंग रूम में भी हमने इसी बारे में बात की है, और वडोदरा में होने वाले वनडे मुकाबलों में हम यही करने की कोशिश करेंगे।"