बांग्लादेश ने सोमवार को दूसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से मिले 199 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 4 विकेट खोकर 35.3 ओवर में हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड से मिले 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सैफ हसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 8 रन बनाकर नाथन स्मिथ का शिकार बने। वहीं, सौम्य सरकार भी 11 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 8 रन ही बना सके। हालांकि, इसके बाद तंजीद हसन और नजमुल हुसैन शांतो ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 120 रन जोड़े। तंजीद सिर्फ 58 गेंदों में 76 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए।
नजमुल हुसैन 71 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। लिटन दास 11 गेंदों में 7 रन ही बना सके। तौहीद हृदोय 31 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कप्तान मेहदी हसन मिराज 8 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में रिचर्ड लेनोक्स ने 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, नाथन स्मिथ ने एक विकेट निकाला।