भारतीय क्रिकेट टीम को आईपीएल 2026 के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलने हैं। मंगलवार को बीसीसीआई की अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे और टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है।
भारतीय टीम में जगह बनानी है, तो घरेलू क्रिकेट खेलना होगा और हर फॉर्मेट में खेलना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में यह नियम बनाया है। ईशान किशन घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में आ गए। श्रेयस अय्यर में घरेलू क्रिकेट में जलवा दिखाने के बाद भारतीय टीम में आ चुके हैं। लेकिन मोहम्मद शमी को नजरअंदाज किए जाने का सिलसिला अब भी जारी है।
शमी घरेलू क्रिकेट लगातार खेल रहे हैं। हर फॉर्मेट खेल रहे हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में भी लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पास फिटनेस भी है और फॉर्मेट भी लेकिन टीम इंडिया में वापसी का इंतजार लंबा होता जा रहा है। अफगानिस्तान सीरीज से पहले माना जा रहा था कि शमी की वापसी 6 से 10 जून के बीच होने वाले टेस्ट के लिए हो सकती है, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। चयनकर्ताओं ने मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को मौका दिया है।