भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के करो या मरो वाले मैच में एमएस धोनी की वापसी की संभावना पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व दिग्गज कप्तान एक साल से ज्यादा समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बाद ऐसा रिस्क लेना नहीं चाहेंगे।
गावस्कर ने कहा कि एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम (चेपॉक) में एसआरएच के खिलाफ सीएसके का मैच प्लेऑफ की रेस में बहुत अहमियत रखता है, लेकिन उनका मानना है कि धोनी के खेलने की संभावना कम है, भले ही फैंस उन्हें सीजन के आखिरी घरेलू मैच में टीम में देखने की उम्मीद कर रहे हों।
गावस्कर ने 'जियोस्टार' से कहा, “एसआरएच के खिलाफ होने वाला मैच सीएसके के लिए बहुत अहम है। यह चेपॉक में उनका आखिरी घरेलू मैच है, इसलिए स्वाभाविक रूप से फैंस एमएस धोनी को खेलते हुए देखना चाहते हैं। हालांकि, वह इस सीजन में बिल्कुल भी नहीं खेले हैं। असल में, उन्होंने एक साल से ज्यादा समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। इस वजह से मुझे संदेह है कि वह इस समय ऐसा रिस्क लेना चाहेंगे।"