भारत के दिग्गज क्रिकेटर रवि शास्त्री के साथ यूनिसेफ इंडिया की चीफ ऑफ फील्ड सर्विसेज सोलेदाद हेरेरो ने अहमदाबाद के दो युवा खिलाड़ियों के साथ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-नीदरलैंड मुकाबले की शुरुआत से पहले 'ट्रॉफी वॉक' में हिस्सा लिया। यह पहल खेल के माध्यम से बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समावेशी विकास का संदेश देने पर केंद्रित रही।
15 वर्षीय रंगी नियति मोहनलाल और 14 वर्षीय रे अंकित उमाशंकरभाई इस दौरान ट्रॉफी वॉक का हिस्सा बने। रंगी ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के लिए गौरव हासिल किया है, जबकि अंकित एक होनहार युवा क्रिकेटर हैं।
सोलेदाद ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "क्रिकेट समानता और समावेशन का एक शक्तिशाली माध्यम है। यह हमें याद दिलाता है कि हर बच्चा, हर जगह, एक निष्पक्ष अवसर का हकदार है। यूनिसेफ को मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ साझेदारी करने पर गर्व है, जिसका एक सरल और प्रमुख उद्देश्य है: बच्चों के खेलने के अधिकार को बढ़ावा देना।"