भारतीय फुटबॉल के इतिहास में आई. एम. विजयन का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। वह भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।
आई. एम. विजयन का जन्म 25 अप्रैल 1969 को त्रिशूर, केरल में हुआ था। उनका पूरा नाम इनिवलाप्पिल मणि विजयन है। विजयन का बचपन काफी गरीबी में बीता। परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए उन्हें स्टेडियम में सोडा बेचने तक का काम करना पड़ा। लेकिन फुटबॉल के प्रति उनका जुनून उन्हें लगातार आगे बढ़ाता रहा। उनकी प्रतिभा पर नजर पड़ी तत्कालीन डीजीपी एम. के. जोसेफ की, जिन्होंने उन्हें 17 साल की उम्र में केरल पुलिस फुटबॉल टीम में शामिल किया। यहीं से उनके पेशेवर करियर की शुरुआत हुई।
क्लब फुटबॉल में विजयन ने केरल पुलिस फुटबॉल क्लब, मोहन बागान, जेसीटी मिल्स फगवाड़ा, एफसी कोचीन और ईस्ट बंगाल जैसे प्रमुख क्लबों के लिए खेला। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजयन ने 1992 में भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया और 72 मैचों में 29 गोल दागे। उन्होंने 2000 से 2004 तक भारतीय टीम की कप्तानी भी की। इस दौरान बाइचुंग भूटिया के साथ बनी उनकी जोड़ी को भारतीय फुटबॉल की सबसे बेहतरीन और आक्रामक जोड़ियों में गिना जाता है।