भारतीय महिला क्रिकेट टीम 10-13 जुलाई के बीच लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी, जिसके लिए नंदिनी शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने टीम में वापसी की है। लॉर्ड्स में होने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच बेहद ऐतिहासिक है, क्योंकि यह इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेला जाने वाला महिलाओं का अब तक का पहला टेस्ट मैच होगा।
यास्तिका भाटिया को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मुकाबलों और विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी टीम में बुलाया गया है, जो टेस्ट टीम में उमा छेत्री की जगह ले रही हैं। इसी टीम ने साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेला था।
रेणुका ने भी टीम में वापसी की है। उनके साथ तेज गेंदबाज नंदिनी भी टीम में आई हैं, जो विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय बनी थीं, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 विकेट हासिल किए थे। स्पिन विभाग में भी एक जैसी अदला-बदली देखने को मिली है। बाएं हाथ की वैष्णवी शर्मा की जगह, बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी को टीम में शामिल किया गया है।