दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने रविवार को सेडन पार्क में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मैच में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो साबित हुए। मिल्ने ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऐसा पहली बार था, जब इस सीरीज में सिक्के का उछाल कीवी टीम के पक्ष में रहा। भारत को 191/8 के स्कोर पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने 18 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि, सीरीज भारत ने 3-2 से अपने नाम की।
जीत के बाद एडम मिल्ने ने कहा, "हां, टॉस जीतना हमेशा अच्छा लगता है। यह पांच मुकाबलों में एक बार ही हुआ, लेकिन शुरुआत में गेंदबाजी करने का मौका मिलना अच्छा रहा और हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके। नई गेंद के साथ हवा में थोड़ी मूवमेंट थी, जो एक ओपनिंग गेंदबाज के तौर पर काफी मददगार होती है। इसके बाद गेंद की अनियमित उछाल का भी हमारे गेंदबाजों ने अच्छा इस्तेमाल किया।"