आईपीएल 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में बदलाव, मावी की जगह अंबरीश टीम में शामिल (Image Source: IANS)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने अपने खेमे में बदलाव किया है। सीजन के शेष मुकाबलों के लिए शिवम मावी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया गया है।
दाएं हाथ के मीडियम पेसर मावी ग्रोइन इंजरी (जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट) के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं, जिसके चलते एसआरएच को उनकी जगह अंबरीश को टीम में शामिल करना पड़ा। शुक्रवार को आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "दाएं हाथ के मीडियम पेसर और बाएं हाथ के बल्लेबाज अंबरीश 30 लाख रुपए में एसआरएच से जुड़ेंगे।"
चेन्नई के रहने वाले अंबरीश इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए आईसीसी मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का हिस्सा थे, जहां वे टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे।