आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। एसआरएच अपनी जीत की लय को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी। वहीं, अक्षर पटेल की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स भी दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एसआरएच के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो हेनरिक क्लासेन अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखने में सफल रहे थे। उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन बनाए थे। ईशान किशन ने भी इस सीजन बल्ले से अहम योगदान दिया है। हालांकि, ट्रेविस हेड जरूर रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी ने आईपीएल 2026 में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है।
एसआरएच का गेंदबाजी अटैक भी पिछले दो मुकाबलों में अच्छी लय में दिखाई दिया है। ईशान मलिंगा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। वहीं, नीतीश ने 2 विकेट निकाले थे। हालांकि, डेब्यू मैच में 4 विकेट लेने वाले प्रफुल्ल हिंगे ने 4 ओवर के स्पेल में 60 रन दिए थे, जबकि साकिब हुसैन ने 32 रन खर्च करके एक विकेट निकाला था।