आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस (एमआई) को सीजन के आखिरी 2 मैचों से पहले दो झटके लगे हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट की वजह से दोनों मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
डी कॉक बाईं कलाई में टेंडन की चोट से जूझ रहे हैं। वहीं, बावा अपनी दाईं हाथ के अंगूठे में लिगामेंट फटने के कारण बाहर हो गए हैं। बावा को चोट पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ लगी थी। दोनों खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम की देखरेख में अपने-अपने घर पर पुनर्वास करेंगे। एमआई जल्द ही दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है।
मुंबई इंडियंस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, "क्विंटन डी कॉक अपनी बाईं कलाई में टेंडन की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ घरेलू मैच से पहले लगी थी। राज अंगद बावा के दाएं अंगूठे का लिगामेंट पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच के दौरान फट गया था। इस वजह से दोनों सीजन के बाकी मैच नहीं खेल पाएंगे। क्विंटन और बावा दोनों अपने-अपने घर पर अपना रिहैब जारी रखेंगे। मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम उन्हें जल्द से जल्द मैदान पर वापसी करने में सहयोग और मार्गदर्शन देगी।"