रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार को खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 39वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। काइल जैमीसन को मिचेल स्टार्क से दिल्ली कैपिटल्स की कैप मिली है। साहिल परख भी इस मुकाबले के साथ डीसी के लिए अपना डेब्यू करने को तैयार हैं।
टॉस जीतने के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक हाई-स्कोरिंग ग्राउंड है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। हम दूसरी पारी में उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। सबसे अहम बात यह है कि अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ी आगे आकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने काफी अच्छी क्रिकेट खेली है और हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं। जो हो गया, वह अतीत की बात है। हम अब अच्छा क्रिकेट खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।"
दूसरी तरफ, डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "अगर मैं टॉस जीतता, तो पहले फील्डिंग करता। मैदान का साइज छोटा है, पिच भी बेहतर होती जाती है, इसलिए हम भी चेज करते। आईपीएल में आप 264 रन बनाकर भी हार सकते हैं, लेकिन यह एक लंबा टूर्नामेंट है। हमने बैट और बॉल दोनों से अच्छा खेल दिखाया, अगर हमने अपने मौकों को भुनाया होता, तो नतीजा कुछ और होता।"