Rashid Khan Record: अफगानिस्तान-जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (AFG vs ZIM 1st T20) मंगलवार, 27 अक्टूबर को शारजाह के मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में अफगानी टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) एक बेहद ही शानदार वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकते हैं। राशिद के पास वो कारनामा करने का सुनहरा मौका है जो कि T20I क्रिकेट के इतिहास में अब तक किसी गेंदबाज़ ने नहीं किया।
T20I में विकेटों का दोहरा शतक: सबसे पहले ये जान लीजिए कि 28 वर्षीय राशिद खान मौजूदा समय में टी20 इंटरनेशनल के नंबर-1 गेंदबाज़ हैं। उन्होंने 118 मैचों में 197 विकेट लेकर ये मुकाम हासिल किया है। अब राशिद के पास इस फॉर्मेट में अपने 200 विकेट पूरे करने का सुनहरा मौका है।
राशिद खान, अफगानिस्तान-जिम्बाब्वे के बीच होने वाले पहले टी20 में 3 विकेट लेकर अपना विकेटों का दोहरा शतक पूरा कर सकते हैं। ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। अब तक किसी भी गेंदबाज़ ने T20I में 200 विकेट लेने का कारनामा नहीं किया है। राशिद खान के बाद T20I में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ इंग्लैंड के आदिल राशिद हैं। उन्होंने 153 मैचों की 146 पारियों में 171 विकेट लिए हैं।