इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के तेज गेंदबाज कैमरून ग्रीन लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्रीन आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने थे, उन्हें केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा था, उन्होंने टीम के शुरुआती मुकाबलों में एक विशुद्ध बल्लेबाज के रूप में खेला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने केकेआर को सूचित किया था कि आईपीएल 2026 की शुरुआत में कैमरून ग्रीन एक बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे।
सीए ने 30 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ केकेआर के पहले मैच के बाद जारी एक बयान में कहा, "कैमरून को पीठ के निचले हिस्से में चोट है, जिसका इलाज चल रहा है, लेकिन इसके लिए उन्हें कुछ समय तक गेंदबाजी से दूर रहने की जरूरत है। कैमरून फिलहाल भारत में अपनी गेंदबाजी का भार धीरे-धीरे बढ़ा रहे हैं, ताकि लगभग 10-12 दिनों में वापसी कर सकें।"