भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 32 रन बना लिए हैं।
साई सुदर्शन 11 और यशस्वी जायसवाल 20 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। इससे पहले, पहली पारी में न्यूजीलैंड ए की पूरी टीम पहली इनिंग में 424 रन बनाकर ऑलआउट हुई। कीवी टीम ने पुछल्ले बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के चलते पहली पारी के आधार पर 78 रनों की अहम बढ़त हासिल की।
न्यूजीलैंड ए की शुरुआत निराशाजनक रही। राइस मारियू सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कर्टिस हीफी भी 4 रन ही बना सके और मुकेश कुमार का शिकार बने। टिम रॉबिन्सन भी केवल 3 रन बनाकर आउट हुए। शुरुआती झटकों के बाद मैथ्यू बॉयल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 331 गेंदों में 208 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।