इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 'प्लेऑफ' से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। बैटिंग ऑलराउंडर जैकब बेथेल शेष सीजन से बाहर हो गए हैं, जिन्हें पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मैच के दौरान बाईं अनामिका उंगली में चोट लगी थी। बेथेल अब आगे की जांच के लिए इंग्लैंड लौटेंगे।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की है। ईसीबी ने कहा कि वे बेथेल की चोट की गंभीरता का आकलन करेंगे और यह देखेंगे कि क्या वह 4 जून को लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड का पहला टेस्ट खेलने के लिए समय पर फिट हो सकेंगे?
ईसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ सहमति जताई है कि टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज जैकब बेथेल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते समय बाईं अनामिका उंगली में चोट लगने के बाद यूके लौट आएंगे। यूके लौटने पर इंग्लैंड की पुरुष मेडिकल टीम उनकी पूरी तरह से जांच और निगरानी करेगी, ताकि यह तय किया जा सके कि बेथेल 4 जून से लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं?"