पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को 87 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित करेंगे। अवॉर्ड के साथ-साथ खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस इवेंट में शामिल होने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी पहुंचीं। हरमनप्रीत ने कहा कि सरकार की तरफ से मिल रहे सपोर्ट को देखकर अच्छा लग रहा है।
हरमनप्रीत ने 'आईएएनएस' संग बात करते हुए कहा, "हम जब वनडे विश्व कप को जीतकर आए थे, तो सरकार ने हमको नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया था और हम वहीं लेने के लिए यहां पहुंचे हैं। इसके साथ ही अन्य खेलों के कई खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। अच्छा लग रहा है कि हर खेल के खिलाड़ियों को ऐसे एक साथ मिलने का मौका मिल रहा है। देखकर अच्छा लग रहा है कि पंजाब सरकार खिलाड़ियों को इतना सपोर्ट कर रही है। हम कड़ी मेहनत करके जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उसके लिए सरकार से मिल रही सराहना के लिए हम शुक्रगुजार हैं।"
कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में गोल्ड और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले रेसलर आदित्य कुंडू ने पंजाब सरकार के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की तरफ से पहली बार अवॉर्ड मिल रहा है और बहुत खुशी है। काफी अच्छा लग रहा है कि सारे खिलाड़ियों को एकजुट करके हमें यह अवॉर्ड्स दिए जा रहे हैं। यह बहुत ही सराहनीय कदम है और मैं चाहता हूं कि ऐसा कार्यक्रम हर साल या 2 साल पर होना चाहिए,क्योंकि इससे खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिलता है।"