कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए मुकाबले में रघुवंशी को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है।
केकेआर की पारी के दौरान पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दे दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने मैदान पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अंगकृष ने पवेलियन लौटते हुए गुस्से में जोर से जमीन पर बल्ला मारा था और अपना हेलमेट बाउंड्री लाइन के पास फेंक दिया था। केकेआर का खेमा भी अंपायर के फैसले से काफी नाखुश दिखाई दिया था। टीम के हेड कोच अभिषेक नायर को भी गुस्से में अंपायर्स संग बातचीत करते हुए देखा गया था।
दरअसल, प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष मिड-ऑन की तरफ शॉट खेलकर रन लेने के लिए दौड़े थे, लेकिन दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया था। अपना विकेट बचाने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई थी, लेकिन तभी फील्डर ने भी गेंद को स्टंप की तरफ थ्रो किया था। थ्रो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा था, जिसके बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और बाकी खिलाड़ियों ने अपील की थी। मैदानी अंपायर्स ने थर्ड अंपायर की मदद ली थी, जिसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'(फील्डिंग में बाधा पहुंचाने) का दोषी मानते हुए उन्हें आउट करार दे दिया था।