स्पेन के स्टार विंगर लामिन यामल महज 18 साल की उम्र में अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पूरी दुनिया में शोहरत हासिल कर चुके हैं। शानदार ड्रिबलिंग और गति के साथ इस खिलाड़ी ने युवावस्था में ही अपनी परिपक्वता दिखाई है।
13 जुलाई 2007 को स्पेन के बार्सिलोना महानगर क्षेत्र में स्थित एस्प्लुग्स डी लोब्रेगाट में जन्मे यामल के पास तीन राष्ट्रीय टीमों में से किसी एक का प्रतिनिधित्व करने का विकल्प था, क्योंकि उनके पिता मौनीर नसराउई 'मोरक्को' से, जबकि मां शीला एबाना 'इक्वेटोरियल गिनी' से हैं। ऐसे में उन्होंने 'स्पेन' को चुना।
महज 6 महीने की उम्र में लामिन की दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी से पहली मुलाकात हुई। कैटलन अखबार डियारियो स्पोर्ट और एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन ने एक चैरिटी कैलेंडर तैयार किया, जिसमें मेसी शिशु लामिन को नहलाते नजर आए। यह तस्वीर बहुत मशहूर हुई। उस समय शिशु लामिन को देखकर मेसी ने भी अंदाजा नहीं लगाया होगा कि कभी यही बच्चा बार्सिलोना क्लब में उनका उत्तराधिकारी बनने की फेहरिस्त में सबसे आगे होगा।