भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज गुरुवार से शुरू हो रही है। पहला टी20 क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा। इस सीरीज से भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 4 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने कहा, "मुझे लगता है कि भुवी को न्यूजीलैंड की ये कंडीशन पसंद आएंगी। अगर विकेट में कुछ है, तो वह उसमें से कुछ न कुछ निकाल ही लेंगे। इंडिया में कुछ फ्लैट पिचों पर भी वह बॉल को स्विंग करने में कामयाब रहते हैं। इसलिए यहां, खासकर नई बॉल के साथ, वह एक चुनौती होंगे।"
सेंटनर ने कहा, "भारत में इन दिनों एक गेंदबाज के लिए काफी चुनौती है। हमने हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में देखा कि 250 का स्कोर भी चेज हो गया। ऐसा कौन-सा गेंदबाज चाहेगा? भुवी को यहां थोड़ा बेहतर लगेगा।"