पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने आईपीएल 2026 में टीम की शानदार गेंदबाजी का राज बताया है। उनका कहना है कि टीम की सफलता का सबसे बड़ा कारण खिलाड़ियों के बीच आपसी समझ और एक-दूसरे का साथ देना है।
जानसेन के मुताबिक, भले ही इस सीजन में टीम की बल्लेबाजी ज्यादा चर्चा में है, लेकिन गेंदबाजी यूनिट ने भी उतना ही अहम योगदान दिया है। जानसेन ने पंजाब किंग्स द्वारा आयोजित किए गए वर्चुअल राउंडटेबल में 'आईएएनएस' संग बात करते हुए कहा कि आजकल टी20 क्रिकेट में लोग बड़े-बड़े छक्के और बड़े स्कोर देखना पसंद करते हैं, इसलिए बल्लेबाजों पर ज्यादा ध्यान जाता है। हालांकि, अच्छी गेंदबाजी की भी उतनी ही अहमियत होती है और लोग उसकी सराहना भी करते हैं।
इस सीजन में पंजाब किंग्स की गेंदबाजी में काफी विविधता देखने को मिली है। जानसेन ने बताया कि अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख और युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाजों ने मिलकर टीम को मजबूत बनाया है। सभी गेंदबाज अपनी-अपनी खासियत के साथ खेलते हैं, और यही टीम की ताकत बन रही है।