विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं, जिन्हें यूपी वॉरियर्स (यूपीडब्ल्यू) ने 1.10 करोड़ रुपए में अपने सााथ जोड़ा। वहीं, चामरी अट्टापट्टू जैसी दिग्गज खिलाड़ी 'अनसोल्ड' रहीं। कोच्चि में आयोजित मिनी ऑक्शन में कुल 25 खिलाड़ियों पर बोली लगी।
यूपीडब्ल्यू ने सर्वाधिक आठ खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शुरुआत में सोफी को हासिल करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने के बाद उन्होंने नीलामी के अंतिम चरणों में कुछ खिलाड़ियों को खरीदा।
साल 2024 में खिताब जीतने वाली आरसीबी टीम का हिस्सा रहीं सोफी डब्ल्यूपीएल 2026 में नहीं खेल पाई थीं, लेकिन इस बार 50 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरीं। आरसीबी ने उन्हें खरीदने के लिए यूपीडब्ल्यू को 1.05 करोड़ रुपए तक की बोली लगाने पर मजबूर कर दिया, लेकिन फिर वे पीछे हट गए, क्योंकि नीलामी की शुरुआत में आरसीबी के पास केवल 1.15 करोड़ रुपए का बजट था।