गुजरात टाइटंस (जीटी) के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने कहना है कि शनिवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मिली हार के बावजूद ड्रेसिंग रूम में कोई घबराहट नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम चीजों को आसान रखना चाहती है और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाना चाहती है।
पार्थिव के मुताबिक, गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर नहीं है और यह एक बड़ी राहत की बात है। जीटी को ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 21 मई को खेलना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए पार्थिव ने कहा, " यह हमारे लिए एक आसान समीकरण है। हमें दूसरे नतीजों की भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह हमारे हाथ में है। अगर हम मैच जीतते हैं, तो हम क्वालिफाई कर लेंगे। मुझे नहीं लगता कि हमें दूसरे नतीजों के बारे में सोचना होगा। हमारे लिए यह आसान गणित है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम इसे जितना हो सके आसान रखने की कोशिश करते हैं। हम अपनी ताकत और कमजोरियों को जानते हैं। हम अपनी ताकत पर काम करना चाहते हैं और यह पक्का करना चाहते हैं कि हम कम गलतियां करें। हालांकि, मैच ऐसा है कि कभी-कभी आप गलतियां करते हैं, लेकिन हमारा प्लान चीजों को मुश्किल नहीं बनाना है और उन्हें आसान रखना है।"