इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड का बल्ला मुंबई इंडियंस के खिलाफ नहीं चला। इसके बावजूद उन्होंने अपने नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज कराया। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 1 हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के 33वें मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड आईपीएल 2024 से सनराइजर्स हैदराबाद के लिए युवा अभिषेक शर्मा के साथ सलामी बल्लेबाजी के क्रम को संभाल रहे हैं। मुंबई के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों पर 28 रन बनाकर इस उपलब्धि को हासिल की।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार, ट्रेविस ने 575 गेंदों में अपने 1000 रन पूरे किए और वह आंद्रे रसेल (545) के बाद दूसरे स्थान पर रहे। आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में हेनरिक क्लासेन तीसरे स्थान पर हैं। क्लासेन ने 594 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि भारत के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग 604 गेंदों में 1000 रन बनाने के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि ग्लेन मैक्सवेल 610 गेंदों में 1000 रन पूरे किए।