न्यूजीलैंड की महान खिलाड़ी सूजी बेट्स ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में 38 वर्षीय बेट्स को अपने देश के लिए खेले गए 362 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मौजूदा संख्या में और कुछ मैच जोड़ने का आखिरी मौका मिलेगा।
सूजी बेट्स जून में शुरू होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम को लगातार दूसरा खिताब दिलाने का लक्ष्य रखेंगी। व्हाइट फर्न्स को ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है।
अपने शानदार करियर पर बात करते हुए बेट्स ने न्यूजीलैंड क्रिकेट से कहा, "जब मैं पिछले 20 से ज्यादा वर्षों पर नजर डालती हूं, तो मुझे यकीन ही नहीं होता कि समय इतनी तेजी से कैसे बीत गया। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मैंने इतनी बार 'फर्न' (न्यूजीलैंड टीम का प्रतीक) पहना है। इस टीम के लिए हर दिन एक बेहतर इंसान, टीममेट, क्रिकेटर और एथलीट बनने की कोशिश करने में मुझे बहुत मकसद और खुशी मिली है।"