भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज गंवाने के बाद जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने अपनी टीम से सकारात्मक रवैया बनाए रखने और लगातार सुधार करने के लिए कहा है। भारत दौरे पर जिम्बाब्वे को कोई जीत नहीं मिली, लेकिन इस दौरे पर टीम की कुछ खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसे न्कोमो ने 'सकारात्मक पहलू' बताया है।
भारत दौरे से मिली सीख के बारे में पूछे जाने पर न्कोमो ने कहा, "खेलते समय हमें और अधिक सकारात्मक रहने की जरूरत है। इसी इरादे के साथ आगे बढ़ें और हर दिन खुद को बेहतर बनाते रहें।"
वडोदरा स्थित बीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम 39.5 ओवरों में सिर्फ 131 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने 17 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया। वनडे सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' करने से पहले 'विमेन इन ब्लू' ने टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी।