पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज के लिए 15-सदस्यीय महिला टीम घोषित कर दी है। पाकिस्तानी वनडे टीम में पहली बार मोमिना रियासत को मौका दिया गया है। यह सीरीज 3 से 9 मई के बीच खेली जाएगी। यह सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप 2025–2029 के चक्र का हिस्सा है।
ऑलराउंडर फातिमा सना टीम की कमान संभालेंगी, जिनका मकसद साउथ अफ्रीका के हालिया दौरे के बाद पाकिस्तान के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है, जहां टीम को वनडे और टी20 दोनों सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
जिम्बाब्वे के खिलाफ चुनी गई पाकिस्तानी टीम में अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण है। आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग और सिदरा अमीन के साथ-साथ विकेटकीपिंग के लिए मुनीबा अली और नजीहा अल्वी शामिल हैं। गेंदबाजों में नाशरा संधू, रमीन शमीम और तस्मिया रुबाब को भी टीम में जगह दी गई है।