भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज बुधवार से शुरू हो रही है। टी20 सीरीज हार चुकी न्यूजीलैंड को पहले वनडे में बड़ा झटका है। अुनभवी सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे इंजरी की वजह से पहले वनडे से बाहर हो गए हैं।
कॉनवे मंगलवार को ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के प्री-मैच ट्रेनिंग सेशन के दौरान साथी तेज गेंदबाज मैट हेनरी से टकरा गए। हेनरी और कॉनवे की टक्कर कैच लेने की कोशिश में हुई। दोनों खिलाड़ियों का तुरंत मौके पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने इलाज किया। कॉनवे को कनकशन हुआ है। उनके सिर की चोट की जांच की गई।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, "कॉनवे को आगे की जांच के लिए ए एंड ई ले जाया गया, जिसमें कनकशन की पुष्टि हुई, जिससे वह बुधवार को भारत के खिलाफ होने वाले पहले वनडे से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों पर नजर रखी जाएगी और भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके शामिल होने पर भी नजर रखी जाएगी।"