New Chandigarh: श्रेयस अय्यर आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के कप्तान नियुक्त किए गए थे। इसके बाद से पंजाब किंग्स पूरी तरह बदली हुई नजर आती है। पिछले सीजन का फाइनल खेलने वाली पंजाब आईपीएल 2026 में भी प्रचंड फॉर्म में चल रही है और अब तक अपराजेय है। श्रेयस अय्यर ने कहा है कि पंजाब किंग्स का एकमात्र लक्ष्य खिताब जीतना है।
जियोस्टार के 'बिलीव' पर बात करते हुए, अय्यर ने 'सरपंच' उपनाम पाने, जीटी के खिलाफ शतक से चूकने, और केकेआर के खिलाफ 111 रन का बचाव करने पर अपने विचार साझा किए।
सरपंच उपनाम मिलने की कहानी पर उन्होंने कहा, "मुझे यह बहुत पसंद है। पंजाब किंग्स के साथ अपने सफर की शुरुआत में मुझे नहीं पता था कि 'सरपंच' टैग कैसे आया और इसका क्या मतलब है। लेकिन बाद में, जब मैंने अपने कुछ साथी खिलाड़ियों से पूछा, तो उन्होंने बताया कि इसका मतलब परिवार, ग्रुप या जिले का मुखिया होता है। इससे मुझे स्पष्टता मिली और वहीं से मेरा सफर शुरू हुआ।"