भारत के स्पिन-बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि ईडन पार्क में चौथे टी20 मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 87 रनों की हार का कारण लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती विकेट गंवाना और गेंदबाजी में 20-30 अतिरिक्त रन देना रहा।
ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की मदद से न्यूजीलैंड ने 259/7 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 65 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया, जिसमें 6 छक्के शामिल थे। यह टी20 में भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। संजू सैमसन और ईशान किशन सस्ते में पवेलियन लौटे। जीत के लिए जरूरी रन-रेट 13 प्रति ओवर के आसपास था, लेकिन भारत लगातार विकेट गंवाता रहा और अंततः 172/9 के स्कोर ही बना सका। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए साईराज बहुतुले ने कहा, "आप कह सकते हैं कि हमें लय हासिल करने में संघर्ष करना पड़ा। जाहिर है कि ईडन पार्क अपने आकार के लिहाज से एक चुनौतीपूर्ण मैदान है, हालांकि मुझे लगता है कि हम पूरी तरह स्पष्ट थे कि हमें क्या करना है। हमें अपनी ताकतों का पता था और हम अपनी स्किल्स को उसी के अनुसार लागू करना चाहते थे लेकिन ऐसा हो नहीं सका।"