पाकिस्तानी हेड कोच माइक हेसन ने कहा है कि उनकी टीम का पूरा फोकस आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 से पहले एक ज्यादा मजबूत और संतुलित टीम बनाने पर है। पुरुषों का वनडे वर्ल्ड कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर के बीच खेला जाना है। हालांकि, हेसन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज को लेकर थोड़े चिंतित जरूर हैं।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 30 मई से तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है। जैसे-जैसे पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अपनी घरेलू वनडे सीरीज की तैयारी कर रहा है, हेसन ने स्पष्ट कर दिया कि आने वाले महीनों में खिलाड़ियों के चयन की रणनीति सिर्फ जाने-पहचाने नामों पर निर्भर रहने के बजाय खिलाड़ियों के पूल को बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
हेसन ने पीसीबी के पॉडकास्ट पर कहा, "मुझे लगता है कि वनडे क्रिकेट में, वर्ल्ड कप को मद्देनजर रखते हुए हमें अपने खिलाड़ियों के ग्रुप को बड़ा करना होगा। इसलिए, हमेशा उन्हीं खिलाड़ियों को चुनने के बजाय, वनडे टीम अभी भी बन रही है। ऐसे कई क्षेत्र हैं, जिन्हें हमें बेहतर बनाने की जरूरत है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि डेढ़ साल बाद जब वर्ल्ड कप आए, तो हमारे पास सच में सबसे अच्छी टीम हो।"