अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 265 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है।
पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। इससे पहले, आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी पंजाब किंग्स के नाम ही था। साल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलते हुए टीम ने 262 रनों के लक्ष्य को सफलापूर्वक हासिल किया था।
पीबीकेएस को प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 6.5 ओवर में 126 रनों की साझेदारी निभाई। पावरप्ले में दोनों ने मिलकर 116 रन जोड़े। प्रियांश ने 17 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। वहीं, प्रभसिमरन ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 76 रनों की लाजवाब पारी खेली। प्रभसिमरन ने अपना अर्धशतक 18 गेंदों में पूरा किया और इस पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए।