आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से भिड़ना है। इस मुकाबले से पहले एसआरएच के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे।
पैट कमिंस का यह आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला होगा। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान ने शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट पास कर लिया, और अब उन्होंने कन्फर्म किया है कि वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। कमिंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर पोस्ट में लिखा, "बहुत समय से इंतजार था, कल (शनिवार) वापसी करने के लिए बेताब हूं।"
कमिंस आईपीएल 2026 के आगाज से पहले भारत आए थे, लेकिन उन्होंने इंजरी की वजह से मैच में हिस्सा नहीं लिया था। 32 वर्षीय कमिंस 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) पर एसआरएच की रोमांचक जीत के ठीक बाद अपनी पीठ के स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया वापस चले गए थे। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर हुई एशेज सीरीज के बाद से एक भी मैच नहीं खेला है। वह हाल ही में खत्म हुए आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भी नहीं खेले थे, जहां ऑस्ट्रेलिया पहली बार ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया था।