आईपीएल 2026 में शनिवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच मुकाबला खेला गया। जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रन की पारी खेलते हुए टीम की 77 रनों की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने गिल की प्रशंसा की है।
अनिल कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर कहा, "आधुनिक क्रिकेट में शुभमन गिल सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक हैं। उनकी बल्लेबाजी देखना काफी सुखद है। उनका खेल बनावटी नहीं लगता। वह हर गेंद को उसकी मेरिट के आधार पर खेलने में भरोसा रखते हैं। वह जब बड़े शॉट लगाते हैं, तब भी वह पूरी तरह नियंत्रण में रहते हैं। यही बात उन्हें कई पावर हिटर्स से अलग बनाती है।"
कुंबले ने कहा, "गिल की सबसे बड़ी ताकत अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने की उनकी काबिलियत है। एक बार जब वह सेट हो जाते हैं, तो वह गेम को डीप ले जाते हैं और अच्छी शुरुआत को लंबी, असरदार पारियों में बदलते हैं। जब आपका टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज ऐसा करता है, तो यह टीम को बहुत मजबूत पोजिशन में डाल देता है। इसी वजह से गुजरात लगातार बड़े टोटल बना पाता है।"