इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने आईपीएल में बुधवार मुंबई इंडियंस के खिलाफ 65 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले एसआरएच के 34 वर्ष के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन की जमकर प्रशंसा की है। पीटरसन ने कहा है कि साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड को क्लासेन से 2027 में होने वाले वनडे विश्व वर्ल्ड कप के लिए नेशनल टीम में शामिल होने के लिए कहना चाहिए।
पीटरसन ने एक्स पर लिखा, "साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड की तरफ से हेनरिक क्लासेन को फोन करके पूछा जाना चाहिए कि क्या वह इंटरनेशनल क्रिकेट में वापस आ सकते हैं। वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप को जीतने में उनके लिए अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।"
बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया था। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रयान रिकेल्टन के सिर्फ 55 गेंदों पर बनाए नाबाद 123 रन की मदद से 5 विकेट पर 243 रन बनाए थे।