स्पेन के पूर्व इंटरनेशनल डिफेंडर सेसर एजपिलिकुएटा ने शुक्रवार को प्रोफेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की। 36 साल के सेसर ने कहा कि 2025-26 का सीजन एक पेशेवर फुटबॉलर के तौर पर उनका आखिरी सीजन होगा। सेसर क्लब फुटबॉल में सेविल्ला एफसी का हिस्सा हैं।
स्पेन के लिए 44 मैच खेलने वाले सेसर ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह सीजन एक पेशेवर फुटबॉलर के तौर पर मेरा आखिरी सीजन होगा। इतने सालों तक अपने सपने को जीने के बाद, मुझे लगता है कि अब मेरी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू करने का समय आ गया है। भले ही मैं इस पल के लिए खुद को तैयार कर रहा था, लेकिन मुझे यह पत्र लिखना मुश्किल लगा।"
डिफेंडर लिखा, "जब मैंने बचपन में पैम्प्लोना में अपने स्कूली साथियों के साथ पहली बार गेंद को किक मारी थी, तो मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि आगे का सफर इतना शानदार होगा। मैं हर पल के लिए आभारी हूं। जीत, मुश्किल हार, चुनौतियां, और सबसे बढ़कर, वे लोग जिनसे मैं मिला और वे दोस्त जो मैंने इस सफर में बनाए।"