मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने शनिवार को टी20 मुंबई लीग सीजन-4 के लिए पुरुषों के वर्ग में खिलाड़ियों की नीलामी की, जिसमें आकाश पारकर, प्रसाद पवार, मुशीर खान और अर्जुन तेंदुलकर सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी रहे।
सीजन 4 की नीलामी में फ्रेंचाइजी के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिली। ऑलराउंडर आकाश पारकर सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें सोबो मुंबई फाल्कन्स ने 12 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा। आर्क्स अंधेरी ने विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रसाद पवार को 11.50 लाख रुपए, ऑलराउंडर मुशीर खान को 11 लाख रुपए और अर्जुन तेंदुलकर के 10 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया।
इससे पहले, लीग ने 'आइकन प्लेयर्स' की लिस्ट जारी की थी, जो अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी की अगुवाई करेंगे। इस लिस्ट में भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और मुंबई के दिग्गज शामिल हैं, जिनमें सूर्यकुमार यादव (ट्राइंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट), श्रेयस अय्यर (सोबो मुंबई फाल्कन्स), अजिंक्य रहाणे (नॉर्थ मुंबई पैंथर्स), शिवम दुबे (आर्क्स अंधेरी), यशस्वी जायसवाल (बांद्रा ब्लास्टर्स), शार्दुल ठाकुर (ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स), सरफराज खान (आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस) और तुषार देशपांडे (एमएससी मराठा रॉयल्स) शामिल हैं।