आईपीएल प्रमुख अरुण धूमल ने 15 साल के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा है कि इस खिलाड़ी में भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र का खिलाड़ी बनने की क्षमता है। हालांकि, धूमल ने कहा कि वह तुरंत कॉल-अप की वकालत नहीं कर रहे हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए धूमल ने कहा, "मुझे पता है कि अभी ओपनिंग पोजीशन के लिए कोई स्लॉट खाली नहीं है। हमारे पास अभिषेक, जायसवाल और संजू जैसे खिलाड़ी हैं जो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सिर्फ 15 साल की उम्र में, मुझे निजी तौर पर लगता है कि उसमें (वैभव सूर्यवंशी) इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाला भारतीय बनने की क्षमता है। मैं उसे शामिल करने पर जोर नहीं दे रहा हूं, लेकिन चयनकर्ताओं के लिए इतने कम उम्र के टैलेंट को चुनने का यह जिंदगी में एक बार मिलने वाला मौका हो सकता है।"
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, और भुवनेश्वर कुमार जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी कर अपनी क्षमता साबित की है और राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं के मन में अपने बारे में सोचने का दबाव बढ़ाया है।